Blog

संसद मार्च से पहले प्रदर्शन स्थल पहुंचे सांसद चंद्रशेखर आज़ाद, सरकार से संवाद की अपील

नई दिल्ली, 19 जुलाई। 20 जुलाई को प्रस्तावित संसद मार्च से पहले देर रात प्रदर्शन स्थल पहुंचे आज़ाद समाज पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष एवं नगीना से सांसद चंद्रशेखर आज़ाद ने आंदोलनकारियों के प्रति समर्थन जताते हुए कहा कि वे किसी राजनीतिक लाभ के लिए नहीं, बल्कि एक इंसान होने के नाते छात्रों के साथ खड़े हैं।

उन्होंने बताया कि मुंबई के पूर्व निर्धारित कार्यक्रम से लौटते ही वे सीधे प्रदर्शन स्थल पहुंचे क्योंकि उन्हें आशंका थी कि रात में प्रदर्शनकारियों को हटाने की कार्रवाई हो है। उन्होंने कहा कि वे सुबह आकर केवल सांत्वना नहीं देना चाहते थे, बल्कि जरूरत पड़ने पर छात्रों के साथ मौजूद रहना चाहते थे।

चंद्रशेखर आज़ाद ने केंद्र सरकार पर संवाद न करने का आरोप लगाते हुए कहा कि लोकतंत्र में किसी भी आंदोलन का समाधान बातचीत से निकलता है। उन्होंने सरकार से अपील की कि छात्रों के प्रतिनिधियों से बातचीत कर उनकी चिंताओं का समाधान किया जाए।

सांसद ने 20 जुलाई के प्रस्तावित संसद मार्च में शामिल होने की घोषणा करते हुए समर्थकों से अपील की कि वे किसी भी राजनीतिक दल का झंडा या बैनर लेकर न आएं। उन्होंने कहा कि यह छात्रों का आंदोलन है और इसकी निष्पक्षता बनी रहनी चाहिए।

उन्होंने सरकार से शांतिपूर्ण मार्च की अनुमति देने की मांग करते हुए कहा कि आंदोलनों को बलपूर्वक दबाने के बजाय लोकतांत्रिक तरीके से सुना जाना चाहिए। उनका कहना था कि यदि युवाओं की आवाज़ लगातार अनसुनी की गई तो असंतोष और बढ़ सकता है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *